शहर विकास के लिए नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का विज़न
राजकुमार मल
भाटापारा। शहर के विकास के लिए नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा का विज़न के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इस कड़ी में शुक्रवार 28 मार्च को नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने नगर पालिका परिषद के अंतर्गत सभी हल्कों के पटवारियों के साथ बैठक कर अनेक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्य रूप से नपा अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने शासकीय भूमि के संबंध में जानकारी ली और नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले शासकीय भूमि का चिन्हांकन करने के लिए निर्देशित किया ताकि भविष्य की विकास योजनाओं पर काम किया जा सके।
गौरतलब है कि नगरीय निकाय चुनाव के वक़्त भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी घोषित होने के बाद श्री अश्वनी शर्मा ने अपने स्थानीय घोषणा पत्र में शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाने की बात कही थी। चुनाव जीतने और पदभार ग्रहण करने के बाद से लगातार नपा अध्यक्ष श्री शर्मा भाटापारा के विकास को लेकर प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने 28 मार्च को भाटापारा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत सभी हल्कों के पटवारियों के साथ बैठककर चर्चा की। नपा अध्यक्ष ने पटवारियों से नगर पालिका क्षेत्र में स्थित शासकीय भूमि का चिन्हांकन करने कहा, ताकि भविष्य में इन भूमियों का उपयोग भाटापारा की प्रगति और विकास कार्यों के लिए किया जा सके। इस दौरान नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि, नगर के विकास और जनकल्याण के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग और समर्पण सराहनीय है। हम सब मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।