-सुभाष मिश्र
भारतीय अर्थव्यवस्था के मौजूदा परिदृश्य में रुपये की गिरती कीमत अब महज एक वित्तीय आंकड़ा नहीं रह गई है, बल्कि यह आम नागरिक विशेषकर मध्यम वर्ग की रोजमर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित करने वाली वास्तविकता बन चुकी है। डॉलर के मुकाबले रुपया 95 के आसपास पहुंच जाना केवल एक ‘रिकॉर्ड लोÓ नहीं, बल्कि आर्थिक दबावों की एक स्पष्ट चेतावनी है। 30 मार्च 2026 को इंट्राडे ट्रेडिंग में 95.21 तक फिसलना और फिर मामूली सुधार के बाद 94-95 के दायरे में बंद होना इस अस्थिरता को और गंभीर बनाता है। महज कुछ दिनों पहले तक 92-93 के स्तर पर मौजूद रुपया इस तेजी से गिरावट के साथ बाजार और नीति—दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
रुपये की कमजोरी का सबसे सीधा असर आयात-निर्भर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ जब रुपया कमजोर होता है, तो पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य पदार्थों और उपभोक्ता वस्तुओं तक महंगाई का दबाव बढ़ जाता है। इसका सबसे अधिक असर उस मध्यम वर्ग पर पड़ता है, जिसकी आय सीमित और अपेक्षाकृत स्थिर होती है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते रहते हैं। वेतन वृद्धि महंगाई के अनुपात में नहीं होती, जिससे बचत की क्षमता घटती जाती है और आर्थिक असुरक्षा गहराने लगती है।
शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी इसका प्रभाव साफ दिखाई देता है। विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले परिवारों के लिए डॉलर की मजबूती एक अतिरिक्त बोझ बन जाती है। उदाहरण के तौर पर, $20,000 की फीस 92 के हिसाब से जहां करीब 18.4 लाख बैठती थी, वहीं 95 के स्तर पर यही खर्च लगभग 19 लाख तक पहुंच जाता है। यानी बिना किसी वास्तविक फीस वृद्धि के भी परिवारों को हजारों रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ते हैं। यही स्थिति उन लोगों की भी है जो होम लोन, एजुकेशन लोन या अन्य ईएमआई के जरिए अपनी आर्थिक योजना बनाते हैं। स्थिर आय और बढ़ती लागत के बीच उनका संतुलन लगातार बिगड़ता जा रहा है।
रुपये में इस गिरावट के पीछे कई ठोस और जटिल कारण हैं। वैश्विक स्तर पर डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजार से पूंजी निकालना, ये सभी कारक मिलकर रुपये पर दबाव बढ़ा रहे हैं। हालिया महीनों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) के बड़े पैमाने पर बाहर जाने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि क्या यह केवल भारत की समस्या है या वैश्विक प्रवृत्ति का हिस्सा?
दरअसल, दुनिया की कई मुद्राएं इस समय डॉलर के मुकाबले कमजोर हुई हैं, लेकिन भारतीय रुपये की गिरावट की गति और उसका सामाजिक प्रभाव विशेष रूप से चिंता पैदा करता है। इसकी वजह यह है कि भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्था में आयात पर निर्भरता अधिक है और मध्यम वर्ग की आय संरचना इतनी लचीली नहीं कि वह इस तरह के झटकों को आसानी से झेल सके।
राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में भी यह मुद्दा गर्म है। अतीत में जब रुपये में गिरावट आई थी, तब विपक्ष में बैठी वर्तमान सत्ताधारी पार्टी ने इसे आर्थिक कुप्रबंधन का संकेत बताया था। आज जब स्थिति उलट है, तो सरकार वैश्विक कारणों जैसे युद्ध, तेल संकट और अमेरिकी नीतियों को जिम्मेदार ठहराती है। सच्चाई इन दोनों के बीच कहीं स्थित है। यह न तो पूरी तरह घरेलू नीतिगत विफलता है, न ही पूरी तरह बाहरी दबावों का परिणाम। लेकिन यह भी उतना ही सच है कि इसका असर सबसे ज्यादा उस वर्ग पर पड़ रहा है, जिसकी आवाज न तो राजनीतिक रूप से बहुत मुखर है और न ही आर्थिक रूप से बहुत सक्षम यानी मध्यम वर्ग।
अर्थशास्त्रियों की राय भी यही संकेत देती है कि रुपये की गिरावट का तात्कालिक समाधान सीमित है, लेकिन इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। महंगाई पर नियंत्रण, आयकर में राहत, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना, ये ऐसे कदम हैं जो मध्यम वर्ग को कुछ राहत दे सकते हैं। साथ ही, दीर्घकालिक स्तर पर निर्यात को बढ़ावा देना, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भरता बढ़ाना और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए स्थिर नीतिगत वातावरण तैयार करना जरूरी होगा।
रुपये का 95 तक पहुंचना केवल एक आर्थिक संकेतक नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक-आर्थिक चेतावनी है। यदि समय रहते संतुलित और संवेदनशील नीतियां नहीं अपनाई गईं, तो इसका सबसे गहरा असर उसी वर्ग पर पड़ेगा, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, मध्यम वर्ग। और जब यही वर्ग दबाव में आता है, तो इसका प्रभाव केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था की गति को प्रभावित करता है।