नौतपा का सितम आज से शुरू : छत्तीसगढ़ में अगले 9 दिन आसमान से बरसेगी आग, जानें कहां पहुंचा पारा

धमतरी/रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के बीच आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जिसके कारण अगले 9 दिनों तक धरती और ज्यादा तपने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम से आ रही सूखी और गर्म हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। बीते रविवार को भी राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में भीषण ग्रीष्म लहर ने लोगों को बेहाल कर दिया।

प्रदेश में गर्मी का आलम यह है कि राजनांदगांव में पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो राज्य में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा माना (रायपुर) में 45 डिग्री, दुर्ग में 44.5 डिग्री, बेमेतरा में 44.3 डिग्री, बिलासपुर में 44.2 डिग्री और रायपुर शहर में तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अलावा प्रदेश के करीब 8 अन्य प्रमुख शहरों में भी पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिसमें जांजगीर-चांपा (43.5 डिग्री) और जगदलपुर (43.3 डिग्री) प्रमुख रूप से तप रहे हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। डॉक्टरों और प्रशासन ने नौतपा के दौरान दोपहर के समय बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *