जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान एक दुखद हादसा हुआ है। उधमपुर के तोल्डी नाला इलाके में शुक्रवार सुबह यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 5 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें एक महिला यात्री की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
सभी घायल मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का काफिला शुक्रवार सुबह जम्मू से निकला था। सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर जब यह कार तोल्डी नाला के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी अचानक फिसल गई और उसके टायर सड़क किनारे बनी नाली में फंस गए। इससे गाड़ी टेढ़ी होकर पलट गई।
तत्काल शुरू हुआ बचाव कार्य
गाड़ी पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और यात्रा सुरक्षा में तैनात जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल की टीम भी वहां पहुँच गई। डीएसपी ट्रैफिक पंकज सूदन और उनकी टीम ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला। सभी को फौरन उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन की तरफ से घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते पहुँचकर बड़ी अनहोनी को टालने में मदद की है। यात्रा के दौरान इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सभी चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
