मौत का घाट बना आंबेनली: 700 फीट गहरी खाई में गिरी अनियंत्रित स्कॉर्पियो, 8 पर्यटकों की दर्दनाक मौत

Maharashtra Road Accident : मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ और सतारा जिले की सीमा पर स्थित बेहद खतरनाक आंबेनली घाट में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और रात से ही युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले की थी, जिसमें सवार लोग सतारा, आसगांव और कोरेगांव क्षेत्र के रहने वाले थे और कोंकण व महाबलेश्वर घूमने आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, ट्रेकर्स और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। हालांकि, खाई बेहद गहरी होने और रात के अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह उजाला होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आई और अब तक दो शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी शवों को निकालने का प्रयास जारी है।

बता दें कि आंबेनली घाट महाराष्ट्र के सबसे संवेदनशील और खतरनाक रास्तों में से एक माना जाता है, जहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। साल 2018 में इसी घाट में एक बस के खाई में गिरने से 30 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, एक अन्य घटना में रविवार दोपहर नवी मुंबई के सायन-पनवेल हाईवे पर 22 यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि ड्राइवर की सूझबूझ से समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *