मारपीट हुई है, मदद चाहिए…डिप्टी CM विजय शर्मा ने खुद पीड़ित बन डायल-112 को घुमाया फोन, फिर जो हुआ…

Chhattisgarh Dial 112 Inspection : रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने सूबे की आपातकालीन पुलिस व्यवस्था को परखने के लिए एक बेहद अनोखा और हाईवोल्टेज औचक निरीक्षण किया। रायपुर से कवर्धा जाने के दौरान बेमेतरा हाईवे पर डिप्टी सीएम ने अचानक अपना काफिला रुकवाया और खुद एक आम पीड़ित बनकर डायल-112 हेल्पलाइन पर कॉल लगा दिया। उन्होंने फोन पर शिकायत दर्ज कराई कि उनके साथ मारपीट और सड़क दुर्घटना हुई है और उन्हें तुरंत मदद की जरूरत है। इसके बाद वे हाईवे किनारे एक ढाबे पर रुककर पुलिस टीम का इंतजार करने लगे।

डिप्टी सीएम की इस अचानक आई कॉल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस टीम को यह नहीं पता था कि फोन करने वाले खुद प्रदेश के गृहमंत्री हैं। सूचना मिलते ही नेक्स्ट जेन डायल-112 की टीम तय समय सीमा के भीतर मौके पर पहुंच गई। जैसे ही पुलिसकर्मी ढाबे पर पहुंचे, वहां डिप्टी सीएम को सामने देख वे हैरान रह गए। विजय शर्मा ने मौके पर ही रिस्पॉन्स टाइम की सराहना की और फिर वाहन में मौजूद आधुनिक संचार व्यवस्था, लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीक का बारीकी से जायजा लिया।

गौरतलब है कि हाल ही में 18 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस के बेड़े में 400 नए ‘नेक्स्ट जेन’ डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। इस नई व्यवस्था का जमीनी सच जानने के लिए ही डिप्टी सीएम ने यह औचक टेस्ट लिया था। उन्होंने अधिकारियों से कॉल ट्रांसफर होने और रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की पूरी प्रक्रिया को समझा। विशेषज्ञों का मानना है कि गृहमंत्री द्वारा जमीन पर उतरकर इस तरह खुद पीड़ित बन सिस्टम को परखने से न केवल पुलिस महकमे की जवाबदेही तय होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं पर आम जनता का भरोसा भी और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *