बारिश पर लगा ‘ब्रेक’, क्या अब छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी उमस और गर्मी?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बुधवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में बारिश के जोर को कम होते हुए तापमान में बढ़ोतरी की चेतावनी दी है। राजधानी रायपुर में भी दो दिन बाद सूरज की चमक देखने को मिली है, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। राज्य के एक-दो इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि मानसून का सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी संभावित है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़कर कमजोर होता जा रहा है।

दुर्ग में रहा सबसे ज्यादा पारा

बीते मंगलवार की बात करें, तो प्रदेश के मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, राजधानी रायपुर में शाम के समय सिर्फ हल्की बूंदाबांदी ही हुई। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।

रायपुर में आज का हाल

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश का जोर पहले के मुकाबले कम होगा। शहर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम के इस बदलते रुख के साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *