रायपुर डेस्क: छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) के 19 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस बड़ी प्रशासनिक सर्जरी के तहत कई नगर निगमों के कमिश्नर (आयुक्त) और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
इन बड़े चेहरों को मिली नई जिम्मेदारी
शासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, कई प्रमुख अधिकारियों को नई और महत्वपूर्ण भूमिकाएं सौंपी गई हैं:
अरुण कुमार वर्मा: इन्हें धमतरी नगर पालिक निगम का नया आयुक्त (कमिशनर) नियुक्त किया गया है।
शशांक पांडे: इन्हें छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अतिरिक्त प्रबंध संचालक (एडिशनल एमडी) पद की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
जी. आर. मरकाम: इन्हें राजनांदगांव नगर पालिक निगम के नए आयुक्त की कमान सौंपी गई है।
विजेंद्र सिंह: इन्हें चिरमिरी नगर पालिक निगम का नया आयुक्त बनाया गया है।
इंद्रजीत बर्मन: इन्हें नवा रायपुर स्थित संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें में अपर संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है।
तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना किसी देरी के तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस कदम का उद्देश्य विभिन्न नगरीय निकायों और विभागों के कामकाज में तेजी लाना और प्रशासनिक कसावट को मजबूत करना है।


