IAS Transfer : रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रशासनिक महकमे में एक बड़ा फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में 5 जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) का ट्रांसफर किया गया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रेमिजियुस एक्का को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक रेमिजियुस एक्का (IAS 2011) को अब एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
जानिए किस अधिकारी को कहां मिली नई तैनाती:
प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार अधिकारियों के विभागों और जिलों में निम्नलिखित बदलाव किए गए हैं:
- गजेंद्र सिंह ठाकुर: जिला पंचायत धमतरी के CEO पद से हटाकर अब उन्हें मंत्रालय में उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग बनाया गया है।
- प्रतीक जैन: जिला पंचायत बस्तर के CEO से ट्रांसफर कर जिला पंचायत कोरबा का CEO नियुक्त किया गया है।
- सुरुचि सिंह: जिला पंचायत राजनांदगांव की CEO से अब आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई की जिम्मेदारी संभालेंगी।
- जयंत नाहटा: जिला पंचायत दंतेवाड़ा के CEO से बदलकर अब जिला पंचायत धमतरी के नए CEO होंगे।
- एम. भार्गव: अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगढ़ से प्रमोट कर जिला पंचायत दंतेवाड़ा का CEO बनाया गया है।
- तनय खत्रा: अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा से अब जिला पंचायत बस्तर के नए CEO की कमान संभालेंगे।
- दुर्गा प्रसाद अधिकारी: अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा से बदलकर अब जिला पंचायत राजनांदगांव के CEO नियुक्त किए गए हैं।
