छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में दोपहर और शाम के बाद बादल छाए रह सकते हैं।

प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं लाभांडीह, बिलासपुर और रायपुर में 2 सेंटीमीटर तथा मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
इस दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटे के भीतर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक, अंधड़ और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।