भिलाई में सोसायटी के चावल का अवैध परिवहन: 14 कट्टा राशन के साथ आरोपी गिरफ्तार, मालवाहक वाहन भी जब्त

रमेश गुप्ता : भिलाई। सोसायटी के चावल के अवैध परिवहन के मामले में एक आरोपी को मालवाहक वाहन सहित पकड़कर खाद्य विभाग के साथ वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 कट्टा सोसायटी चावल और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोसायटी का चावल एक मालवाहक टेम्पो में अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजीव नगर ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर बजाज मैक्सीमा वाहन क्रमांक CG 07 CV 2329 को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान वाहन में प्लास्टिक की बोरियों में भरा 14 कट्टा सोसायटी चावल मिला। चालक से चावल के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसके जवाब भी संदिग्ध पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन सहित चावल जब्त कर लिया। मामले में खाद्य विभाग के साथ समन्वय कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चावल के स्रोत और इसके परिवहन के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने इस मामले में सुपेला क्षेत्र के कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय सन्नी साव को आरोपी बनाया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *