बिजली विभाग का बाबू 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, गरीब किसान से पोल लगाने के एवज में मांगी थी घूस

बिलासपुर, 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज एसीबी बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी स्थित सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) कार्यालय के बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी बाबू एक गरीब किसान से उसके खेत में सरकारी योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल लगाने का प्रोसेस आगे बढ़ाने के नाम पर घूस की मांग कर रहा था।

निःशुल्क पोल लगाने के बदले मांग रहा था घूस

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाराघाट निवासी किसान त्रिलोकी साहू ने अपनी करीब एक एकड़ कृषि भूमि पर शासन की योजना के तहत बिजली सुविधा पाने के लिए निःशुल्क विद्युत पोल लगाने का आवेदन सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी में जमा किया था। वहां पदस्थ बाबू सहदेव कुमार चंद्रा ने इस काम को करने और फाइल आगे बढ़ाने के बदले 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित किसान रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि वह भ्रष्ट बाबू को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत एसीबी बिलासपुर इकाई से की।

एसीबी ने बिछाया जाल, दबोचा गया आरोपी

शिकायत का सत्यापन करने पर जब मामला सही पाया गया, तो एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। आज प्रार्थी किसान को रिश्वत की रकम देने के लिए सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी भेजा गया। जैसे ही प्रार्थी ने आरोपी बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को 10,000 रुपये थमाए, वैसे ही वहां मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

पकड़े गए आरोपी के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद डीएसपी एसीबी बिलासपुर ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी विभाग का कोई भी लोकसेवक (सरकारी कर्मचारी/अधिकारी) काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *