रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक टर्फ और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन सिस्टम के असर से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
रायपुर में मानसून जैसा मौसम
रायपुर में सुबह करीब 8 बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई इलाकों में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
आंधी-तूफान से कई जगह नुकसान
बलौदाबाजार में देर रात आए आंधी-तूफान से कई बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई। सुबह ऑफिस और बाजार जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका की टीम पेड़ हटाने और रास्ता साफ करने में जुटी रही। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
महासमुंद जिले में भी देर रात से तेज हवा और बारिश का दौर जारी है। पिथौरा इलाके में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। गांवों की गलियां पानी से भर गईं। रायगढ़ और धमतरी में भी मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बिलासपुर में सुबह अंधड़ और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई।
कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग, कोरबा, बिलासपुर और सरगुजा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।