Chhattisgarh Weather Update: नौतपा के बीच बदला मौसम, कई जिलों में बारिश से राहत; राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

रायपुर। नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। खासकर उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश के मध्य हिस्सों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। शुक्रवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। इसके चलते कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं।

सुकमा में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में बदला मौसम

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा सुकमा में हुई। वहीं जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तोकापाल में 2 सेंटीमीटर और कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा, अंबिकापुर तथा सरगुजा में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

बारिश के बाद इन क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को Heatwave जैसी स्थिति से राहत मिली है। ग्रामीण इलाकों में भी तापमान में कमी महसूस की गई।

कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले 24 घंटों में भी मौसम प्रभावित रहेगा। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

रायपुर में भी बदल सकता है मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

फिलहाल प्रदेश में गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *