आईआरसीटीसी की वेबसाइट का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट का नया रूप सामने रखा है। अभी इसका बीटा वर्जन जारी किया गया है, ताकि लोग इसे चलाकर देख सकें और अपना अनुभव बता सकें। आम लोगों के सुझावों के बाद इसमें और बदलाव किए जाएंगे।
साल 2002 में शुरू हुई थी यह सुविधा
आईआरसीटीसी की वेबसाइट साल 2002 में शुरू हुई थी। आज स्थिति यह है कि इस प्लेटफॉर्म पर हर दिन औसतन 14.5 लाख से ज्यादा टिकट बुक किए जाते हैं। इतने बड़े स्तर पर काम करने वाली इस वेबसाइट की बनावट में करीब 24 साल बाद बड़ा बदलाव किया जा रहा है, ताकि टिकट बुक करने की प्रक्रिया और आसान हो सके।
वेबसाइट का नया लुक और डिजाइन
रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का डिजाइन काफी साफ-सुथरा रखा गया है। पुरानी वेबसाइट की तुलना में इसमें अनावश्यक विज्ञापन और स्क्रीन पर बार-बार आने वाली पॉप-अप विंडो नहीं होगी। इससे यात्रियों का ध्यान केवल जरूरी जानकारी पर रहेगा और टिकट बुक करना आसान हो जाएगा।
कैप्चा की झंझट से मिलेगी मुक्ति
टिकट बुक करते समय सबसे ज्यादा समय कैप्चा भरने में बर्बाद होता था। अक्सर तत्काल टिकट के समय यह प्रक्रिया काफी मुश्किल हो जाती थी। नई वेबसाइट में इस परेशानी को काफी कम कर दिया गया है। इससे यात्रियों का कीमती समय बचेगा और बुकिंग तेजी से हो सकेगी।
एक ही जगह दिखेगा सीट का पूरा अपडेट
अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास (जैसे एसी, स्लीपर) की सीट देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नई वेबसाइट में एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की उपलब्धता दिख जाएगी। इससे यात्री अपनी सुविधा के अनुसार तुरंत सही फैसला ले सकेंगे।
चेकआउट की प्रक्रिया भी हुई तेज
पहले टिकट बुक करते समय यात्रियों को कई चरणों और अलग-अलग स्क्रीन से गुजरना पड़ता था। नई वेबसाइट में इस प्रक्रिया को छोटा कर दिया गया है। कुल मिलाकर अब कम समय में और कम मेहनत के साथ यात्री अपना टिकट कंफर्म कर पाएंगे।
