बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड के कारण 3 मई से 22 मई तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर मेगा ट्रैक कार्य के चलते डाउन मेन लाइन पूरी तरह बंद रहेगी, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
किन ट्रेनों पर पड़ा सीधा असर
रेलवे प्रशासन ने 10 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया है। टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस, डोंगरगढ़–गोंदिया पैसेंजर, रायपुर–इतवारी पैसेंजर समेत कई प्रमुख ट्रेनें इस अवधि में नहीं चलेंगी। कुछ ट्रेनों की वापसी सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
रूट बदले और आंशिक रद्द
रीवा–इतवारी एक्सप्रेस और इतवारी–रीवा एक्सप्रेस को तय रूट के बजाय छिंदवाड़ा होकर चलाया जाएगा। बरौनी–गोंदिया, विदर्भ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को दुर्ग, अजनी और ब्रम्हपुरी स्टेशन तक सीमित किया गया है। इन ट्रेनों के कुछ सेक्शन पूरी तरह रद्द रहेंगे।
रेलवे का दावा
रेलवे के अनुसार यह काम ट्रेनों की गति, सुरक्षा और ऑपरेशन क्षमता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। हालांकि, इस दौरान यात्रियों को पहले से योजना बनाकर सफर करने की सलाह दी गई है।