छत्तीसगढ़ में नौतपा का टॉर्चर: राजनांदगांव में पारा 45.5 पार, रायपुर में भी लू का अलर्ट, जानें कब मिलेगी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस वक्त सूरज आग उगल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में 44 से 45 डिग्री वाली जानलेवा गर्मी और हीटवेव (लू) का कहर लगातार जारी है। नौतपा के दूसरे दिन भी प्रदेश के हालात बेहद खराब रहे। राज्य के 8 बड़े जिलों में पारा 40 डिग्री के काफी ऊपर दर्ज किया गया। हर बार की तरह इस बार भी राजनांदगांव जिला सबसे ज्यादा तप रहा है। वहीं राजधानी रायपुर में भी तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोग बेहाल हैं।

राजनांदगांव में सबसे ज्यादा गर्मी, बिलासपुर-दुर्ग भी तपे

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। रात के तापमान की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री रहा, बाकी जगहों पर रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं।

तीन दिन और झेलनी होगी तपिश, फिर बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। यानी अभी गर्मी से तुरंत राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि, इसके बाद राहत की उम्मीद है। 29 मई से पूरे प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी।

बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का यलो अलर्ट

भीषण गर्मी के बीच बस्तर संभाग के लोगों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अंधड़ चलने, बिजली कड़कने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इसे लेकर सुबह 10 बजे तक का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

रायपुर में आज कैसी रहेगी स्थिति?

राजधानी रायपुर के लोगों को आज भी भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को शहर में तेज लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर के वक्त लोगों को बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *