सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज़ एक पुरानी बात का बदला लेने के लिए 22 वर्षीय युवक ने 13 साल के मासूम की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को खेत में दफन कर दिया था। सक्ती जिला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 40 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाकर आरोपी हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार कर लिया है।
बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सौखी कुमार केंवट ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 13 वर्षीय बड़ा बेटा कपिल कुमार केंवट अचानक लापता हो गया है। उन्होंने बताया कि गांव का ही हेमंत कुमार केंवट उनके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। रिश्तेदारों और आस-पास तलाश करने के बाद भी जब कपिल का कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
गुमराह करता रहा आरोपी, मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में सक्ती पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदेही हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लिया।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी बार-बार अपना बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। इसके बाद जब पुलिस ने मनोवैज्ञानिक (Psychological) तरीके से कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या की वजह: पुरानी रंजिश और मारपीट का बदला
आरोपी हेमंत ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है। करीब 6-7 महीने पहले ग्राम हरदा के कुछ लड़कों के साथ उसका विवाद और मारपीट हुई थी। इस बात की जानकारी मृतक बालक कपिल कुमार केंवट ने गांव में दूसरों को दे दी थी। इसी बात से नाराज होकर हेमंत लंबे समय से कपिल से बदला लेने की फिराक में था।
पैसों का लालच देकर बुलाया, फिर वारदात को दिया अंजाम
दिनांक 08 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी हेमंत, कपिल के घर गया। उसने कपिल को चोरी का लोहा बेचने और उससे मिलने वाले पैसों का लालच दिया। लालच में आकर कपिल उसके साथ चला गया। आरोपी उसे अपने ‘बोर घर’ (ट्यूबवेल वाले कमरे) ले गया, जहां उसने गला दबाकर कपिल की बेरहमी से हत्या कर दी।
शव को खेत में गाड़ा, कपड़े भी छुपाए
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने बोर घर के पास ही स्थित एक खेत में रापा (फावड़ा) से गड्ढा खोदा और लाश को जमीन में दफन कर दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने मृतक के पहने हुए कपड़ों को वहां से चार खेत दूर ले जाकर छिपा दिया था।
मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में निकाला गया शव
आरोपी हेमंत कुमार केंवट के इकबालिया बयान (मेमोरेंडम कथन) के आधार पर पुलिस ने कार्यपालिक दण्डाधिकारी (Magistrate), डॉक्टरों की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई करवाई। जमीन के भीतर से बालक कपिल कुमार केंवट का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया रापा (फावड़ा) और वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े जब्त कर लिए हैं।
आरोपी गिरफ्तार, भेजी गई जेल
पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार केंवट (पिता: राजू कुमार केंवट, उम्र: 22 वर्ष, निवासी: परसदा खुर्द, थाना व जिला सक्ती) के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की सुसंगत धाराओं (धारा 137(2), 103(1), 238) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।