छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और अंधड़ के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मई की तेज गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में कहीं गर्म हवाएं चल रही हैं तो कहीं हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज गर्मी रही। शाम होते-होते गर्म हवाएं चलने लगीं, जिससे उमस बढ़ गई। शहर में देर रात तक गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और हल्की बारिश की भी संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा। दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इसके असर से अगले 48 घंटे में मौसम और सक्रिय हो सकता है। इसके साथ ही एक द्रोणिका मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी भारत तक फैली हुई है। इसी सिस्टम की वजह से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सप्ताह के आखिर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में हलचल बढ़ने से छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून एक्टिविटी तेज हो सकती है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *