रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेशभर में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। गादीरास में 2 सेमी और जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा व नारायणपुर में 1 सेमी वर्षा हुई। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके असर से 5 और 6 मई को प्रदेश के सभी संभागों में बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।