रायपुर। राजधानी में शनिवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदल गया। रात में तेज अंधड़ चला, जबकि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ।
अगले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर 4 और 5 मई को मौसम गतिविधियां तेज रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में बदलाव की वजह एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका है, जो पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। इसके असर से प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है।
रविवार को भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर में 3 मई को आंशिक बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।