सरगुजा में गर्मी का सितम: 24 घंटे में 3 डिग्री चढ़ा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण पिछले 24 घंटों के भीतर ही अधिकतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक क्षेत्र में लू (हीट वेव) चलने का अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही बढ़ी तपिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अप्रैल की शुरुआत में एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अब तक गर्मी का असर कम था। बादलों और नमी की वजह से पारा 28 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ था। अब आसमान साफ होते ही राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को दोपहर के समय झुलसा देने वाली गर्मी महसूस की गई और न्यूनतम तापमान भी 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेज अंधड़ चलने की भी आशंका

अंबिकापुर मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ एएम भट्‌ठ ने बताया कि वर्तमान में कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने के कारण तापमान में लगातार वृद्धि होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी के स्थानीय प्रभाव से दोपहर के बाद क्षेत्र में तेज अंधड़ चलने की भी आशंका है।

लगातार बढ़ रहा है पारा: एक नजर में

सरगुजा में पिछले पांच दिनों के भीतर तापमान में तेजी से उछाल आया है। 11 अप्रैल को जहां अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री था, वहीं 12 अप्रैल को 35.8, 13 अप्रैल को 36.1, 14 अप्रैल को 36.8 और 15 अप्रैल को यह बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *