चारामा। हल्बा चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। मामला उत्तर बस्तर कांकेर जिले के चौकी हल्बा (थाना नरहरपुर) का है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को नाबालिग जानते हुए भी अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई।
नाना-नानी के घर का फायदा उठाकर की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी हेमंत कुमार विश्वकर्मा (21 वर्ष), निवासी ग्राम चारभाठा (बालोद), पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है। जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने सितंबर 2025 में ग्राम हल्बा में पीड़िता के नाना-नानी के घर पर रात्रि में मौका पाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह लगातार पीड़िता का शोषण करता रहा।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कानूनी धाराएं
नाबालिग के गर्भवती होने के बाद जब परिजनों को मामले की भनक लगी, तो उन्होंने 27 जून 2026 को चौकी हल्बा में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया।
पंजीबद्ध धाराएं: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत नए कानून की धारा 64(1), 64(2)(ड), 65(1) BNS (भारतीय न्याय संहिता) और 4, 6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी हेमंत कुमार विश्वकर्मा को उसके गृह ग्राम चारभाठा (गुंडरदेही, बालोद) से हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी को 28 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक कोमल भूषण पटेल (चौकी प्रभारी हल्बा), सउनि चेतन साहू, प्र.आर. शैलेंद्र नेताम, म.प्र.आर. ममता साहू सहित चौकी हल्बा व थाना नरहरपुर स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील
अपराध नियंत्रण के लिए जिला पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की गोपनीय सूचना देने के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।