छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, 16 मई से हीट वेव का अलर्ट, कई जिलों में बारिश और अंधड़ की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बुधवार को हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं कुछ जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर भी जारी रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर 16 मई से दिखना शुरू होगा। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की आशंका जताई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि तापमान बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, हल्की बारिश और अंधड़ की स्थिति बन सकती है।

रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश या तेज हवा चल सकती है। विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका सक्रिय है। यही सिस्टम प्रदेश में नमी और मौसम में बदलाव की वजह बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा कि मौसम से जुड़ी अपडेट के लिए लोग मौसम ऐप, मेघदूत ऐप और दामिनी ऐप का इस्तेमाल करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *