रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस शिविर की तुलना ‘बिग बॉस’ के घर से करते हुए कहा कि यहाँ कार्यकर्ताओं को देश या जनता की सेवा का नहीं, बल्कि सिर्फ गांधी परिवार की चाकरी करने का प्रशिक्षण दिया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी, जिन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी ‘प्रशिक्षण’ का मतलब नहीं समझा, वे खुद कार्यकर्ताओं को ज्ञान बाँटने आ गए। उन्होंने आगे कटाक्ष किया कि सचिन पायलट, पवन खेड़ा और अलका लाम्बा जैसे अप्रशिक्षित नेता वहाँ दूसरों को प्रशिक्षित करने आए थे या उन्हें बिगाड़ने। चिमनानी के अनुसार, राहुल गांधी को कार्यकर्ताओं या प्रशिक्षण से कोई सरोकार नहीं था; वे केवल खानापूर्ति करने आए, वहाँ ‘मैगी’ खाई और लौट गए। यह शिविर महज एक राजनीतिक तमाशा बनकर रह गया।
अमित चिमनानी ने दावा किया कि कुछ ही राज्यों में सिमट चुकी कांग्रेस का भविष्य अंधकारमय है और वह जल्द ही देश के राजनीतिक नक्शे से गायब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता हमेशा नि:स्वार्थ सेवा करने वालों को चुनती है, देश को लूटने वालों को नहीं। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए ‘प्रशिक्षण’ का असली मतलब सिर्फ जनता की जेब पर डाका डालना और एक खास परिवार की परिक्रमा कर पार्टी में अपना नंबर बढ़ाना है।