सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में अभियान तेज, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में दी जा रही खुराक
राजनांदगांव। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 से 15 वर्ष तक की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए जिले में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में परिजनों की सहमति से 14 से 15 वर्ष तक की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है।
स्कूलों में शिविर लगाकर किया जा रहा टीकाकरण
एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत चिकित्सा अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी परामर्श कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। इस कार्य में और अधिक प्रगति लाने तथा अभियान में समस्त अभिभावकों एवं संस्था प्रमुखों को सम्मिलित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
अब तक 4,200 से अधिक बालिकाओं को लगा सुरक्षा कवच
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत विभिन्न स्थलों पर परिजनों की सहमति से बालिकाओं को टीका लगाया गया है, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- शासकीय विद्यालय बैगापारा लखोली
- दिपिका विद्या मंदिर
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्हारपुरी
- शासकीय स्कूल हल्दी
- शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंगदई
- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर व अन्य स्थल
ताजा आंकड़े: अभियान के तहत जिले में कुल 154 नई बालिकाओं का यूवीन (U-WIN) पोर्टल पर पंजीयन कर, सहमति प्राप्त करके टीकाकरण किया गया। इसे मिलाकर जिले में अब तक कुल 4,281 बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर रोधी एचपीवी टीका लगाया जा चुका है।
शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की अपील
शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ-साथ सभी विकासखण्डों के समस्त शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य अमलों द्वारा सक्रियता से एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान छात्राओं, प्राचार्यों व समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को एचपीवी टीकाकरण की उपयोगिता और इसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र के सभी नागरिकों से शत-प्रतिशत टीकाकरण कार्य को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की गई है।
रिपोर्टर: के. एस. ठाकुर