नई दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं और मांग की है कि प्रधानमंत्री को इस घटना के लिए देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए.
संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सोमवार को दिल्ली में जो कुछ भी हुआ वह बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मामले पर चुप क्यों बैठे हैं. पुलिस द्वारा पीटे गए छात्रों से माफी मांगने के बजाय सरकार खामोश है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को इस स्थिति पर तुरंत बोलना चाहिए और इस माहौल को खत्म करना चाहिए. आपको बता दें कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अस्पताल जाकर घायल छात्रों से मुलाकात भी कर चुके हैं.
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की थी. उन्होंने अध्यक्ष के सामने मांग रखी कि छात्रों पर हुई पुलिस बर्बरता और देश में चल रहे परीक्षा संकट पर संसद के भीतर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह भी सवाल उठाया कि अगर देश की संसद युवाओं के भविष्य पर बात नहीं कर सकती, तो ऐसी संसद का क्या फायदा है.

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छात्रों ने जब अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछे, तो उन्हें बेरहमी से पीटा गया. विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़ा हुआ है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद से राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी काफी बढ़ गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है.