अलदा स्पंज आयरन प्लांट विवाद पर बोले मंत्री टंकराम वर्मा, कहा- गलत हुआ है तो हो जांच

रायपुर। बलौदाबाजार जिले के ग्राम अलदा में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों के बाद अब राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने साफ कहा कि यदि एनओसी प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए।

दरअसल, एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देवरी और अलदा के किसानों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम अलदा में स्पंज आयरन प्लांट लगाने के लिए फर्जी एनओसी का सहारा लिया गया। उन्होंने इस मामले में स्थानीय विधायक और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को भी घेरा था।

अब इस पर जवाब देते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि उद्योग लगाने की प्रक्रिया नियमों के तहत होती है। गांव में प्लांट स्थापित करना है या नहीं, इसका फैसला पंचायत और ग्रामीणों की सहमति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव वाले अगर एनओसी देना चाहें तो दें, नहीं देना चाहें तो कोई दबाव नहीं होना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें उद्योग स्थापना से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी है। यदि कहीं कोई अनियमितता सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

इधर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल को लेकर बढ़ती चिंता के बीच मंत्री टंकराम वर्मा ने लोगों से संयम बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों की वजह से ईंधन को लेकर दबाव की स्थिति बन रही है। ऐसे समय में आम लोगों को जरूरत के मुताबिक ही वाहन इस्तेमाल करना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि जहां संभव हो, लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इससे ईंधन की बचत होगी और अनावश्यक भीड़ भी कम होगी। प्रदेश के कई पेट्रोल पंपों पर इन दिनों वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *