गुजरात हाईवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 4 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

नई दिल्ली। गुजरात के राजकोट-चोटिला हाईवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक निजी लग्जरी बस डामर से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना सुरेंद्रनगर जिले के चोटिला क्षेत्र के संगानी गांव के पास हुई। पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि डामर से भरे ट्रक का टायर अचानक फट गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ट्रक से टकरा गई।

बस अहमदाबाद से राजकोट जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में आग तेजी से फैल गई। कई यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस एसएस भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।

डिप्टी कलेक्टर एचटी मकवाना ने बताया कि हादसे में करीब 10 से 15 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल भेजे गए हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *