रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मानसून रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के बाकी हिस्सों तक भी पहुंच जाएगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिला। फुंडहर चौक में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ ही दूरी पर स्थित वीआईपी चौक में बारिश नहीं हुई।
मुंगेली में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश मुंगेली में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दरभा में 40 मिलीमीटर और गुंडरदेही, अर्जुंदा तथा कोंटा में 30-30 मिलीमीटर बारिश हुई।
रायगढ़, अकलतरा, प्रेमनगर, मनोरा, करपावंड, पथलगांव, अहिवारा, गुरूर, दुर्ग और दोरनापाल समेत कई क्षेत्रों में 20 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं अंबागढ़ चौकी, जगदलपुर, बलरामपुर, धरसींवा, गरियाबंद, बस्तर और भानुप्रतापपुर सहित कई इलाकों में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
प्रदेश के 80 फीसदी हिस्से तक पहुंच चुका मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून फिलहाल छत्तीसगढ़ के करीब 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। हालांकि बारिश का वितरण अभी भी असमान बना हुआ है।
बस्तर संभाग में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन वहां भी सामान्य से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर राजनांदगांव सहित कई जिलों में अब तक सामान्य से 80 प्रतिशत तक कम वर्षा हुई है।
इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून
मानसून अब तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है।
इन जिलों में जल्द होगी एंट्री
सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में अभी मानसून की आधिकारिक एंट्री नहीं हुई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में इन जिलों में भी मानसून पहुंच सकता है। फिलहाल इन इलाकों में प्री-मानसून की बारिश जारी है।
तापमान में भी दिखा असर
शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी है। भारी बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।