चारामा (कांकेर)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए आज रविवार, 28 जून 2026 से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का पूरे ब्लॉक में शानदार आगाज़ हो गया है। आज सुबह से ही विकासखंड के सभी बूथ केंद्रों में बच्चों को दवा पिलाने के लिए पालकों और स्वास्थ्य अमले में भारी उत्साह देखा गया।
114 बूथों पर 7030 बच्चों को सुरक्षा चक्र देने का लक्ष्य
खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. ओ.पी. संवार के मार्गदर्शन में आज सुबह 8:00 बजे से ही विकासखंड के सभी 114 पोलियो बूथों पर दवा पिलाने का कार्य शुरू हुआ। इस अभियान के तहत क्षेत्र के 7,030 बच्चों (0 से 5 वर्ष) को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ बस स्टैंड और प्रमुख नाकों पर भी विशेष बूथ बनाए गए हैं, जहां कर्मचारी मुस्तैदी से डटे रहे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
अभियान का मुख्य और गरिमामय शुभारंभ आज चारामा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, नगर पंचायत अध्यक्ष भुवनेश्वर नागराज और नगर पंचायत के सम्मानित पार्षदगण—रानू कमलेश सेन, मोहित नायक एवं अंजू सोनकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मैदानी अमले का हौसला बढ़ाया।

विधायक महोदया और डॉक्टरों की मौजूदगी में बच्चों को पिलाई गई दवा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने नवजात शिशुओं सहित 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अपने हाथों से ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर ब्लॉक स्तर पर इस महाअभियान की विधिवत शुरुआत की।
इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. संवार और hospital के समस्त स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. संवार की देखरेख में पूरी मेडिकल टीम ने बूथ पर आने वाले हर बच्चे को सुरक्षा के साथ दवा पिलाई। विधायक महोदया ने उपस्थित माताओं की जागरूकता की सराहना करते हुए सभी से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा पिलवाने की अपील की।

छूटे बच्चों के लिए कल से घर-घर पहुंचेगी टीम
आज पहले दिन बूथों पर भारी संख्या में बच्चों को दवा पिलाई गई। जो बच्चे किसी कारणवश आज बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें पोलियो की खुराक देने के लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानीनों की team 29 और 30 जून को डोर-टू-डोर (घर-घर) जाकर बच्चों को दवा पिलाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से न छूटे।
जनधारा न्यूज़ विशेष रिपोर्ट: अनूप वर्मा