CGPSC ने जारी किया सहायक संचालक भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 21 पदों पर होगी नियुक्ति

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत सहायक संचालक (योजना) भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में राज्य गठन के बाद पहली बार नियमित भर्ती होने जा रही है। इस भर्ती के जरिए कुल 21 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। वहीं राज्य सरकार ने इसे छत्तीसगढ़ के नियोजित और आधुनिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह भर्ती सिर्फ खाली पद भरने तक सीमित नहीं है। इससे प्रदेश के शहरों और कस्बों के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग राज्य के शहरी विकास, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाता है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि नई नियुक्तियों से विभाग को युवा और प्रशिक्षित अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। इससे योजनाबद्ध विकास और आधुनिक शहरों के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अभ्यर्थी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 12 मई 2026 को इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी हुई। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार युवाओं को रोजगार देने और योग्य प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदेश में लंबे समय बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में नियमित भर्ती होने से युवाओं के बीच भी उत्साह देखा जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को अब जल्द नियुक्ति प्रक्रिया से गुजरना होगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *