आषाढ़ की शुरुआत, अब झमाझम के आसार: मौसम विभाग ने बढ़ाई उम्मीद, एक जुलाई से तेज होगी बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अब तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में अब भी उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। आज से आषाढ़ मास की शुरुआत भी हो रही है। ऐसे में लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में तीन-तीन सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा और जगदलपुर में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई। हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

क्यों बदल रहा है मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक सक्रिय मौसमी प्रणाली और दक्षिण भारत के ऊपर बने चक्रवाती प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़ में नमी लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बिजली गिरने और भारी वर्षा की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद

एक जुलाई से बारिश बढ़ने के पूर्वानुमान से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार है। वहीं लगातार गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी आने वाले दिनों में मौसम सुहाना होने की उम्मीद है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *