सक्ती: अवैध रेत खनन पर पुलिस और खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1 चैन माउंटेन मशीन और 3 हाईवा जब्त

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के थाना हसौद क्षेत्र में पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महानदी मिरौनी बैराज के नीचे अवैध रूप से रेत का खनन कर परिवहन करने की मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से एक जेसीबी चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (IPS) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में इस विशेष अभियान को अंजाम दिया गया।

जब संयुक्त टीम ने ग्राम मिरौनी में दबिश दी, तो कार्रवाई के डर से वाहन चालक वाहनों को लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब्त किए गए हाईवा वाहनों के नंबर क्रमश: CG 11 BV 8492, CG 12 BV 0906, और CG 11 BU 0733 हैं। ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि बिलासपुर के सरकंडा निवासी धीरज साहू द्वारा इस चैन माउंटेन मशीन के जरिए महानदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन कराया जा रहा था।

बिना किसी वैध दस्तावेज और रॉयल्टी के किए जा रहे इस अवैध कारोबार से शासन को भारी राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71, खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 4(1), 21, 23 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2), 305(E), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इस पूरी कार्रवाई में हसौद थाना प्रभारी निरीक्षक विन्टन साहू, सक्ती जिला खनिज निरीक्षक और समस्त थाना व खनिज स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *