खबर की गति जितनी जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी है खबर की सत्यता- शिवरतन शर्मा

श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला स्तरीय सम्मेलन में भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने पत्रकारों के जज्बे को किया सलाम

राजकुमार मल

भाटापारा- माहेश्वरी भवन, भाटापारा के सभागार में सोमवार को श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वावधान में ‘जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने शिरकत की।

इस अवसर पर बलौदाबाजार -भाटापारा जिले के सुदूर अंचलों से आए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक चैनल व अन्य माध्यमों से जुड़े सैकड़ों पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा,पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ केवल कहने के लिए नहीं कहा जाता। आप सभी पत्रकार बंधु वास्तव में इस समाज की आंख, कान और आवाज़ हैं। 45 डिग्री की तपती दोपहरी हो या मूसलाधार बारिश, कड़ाके की ठंड हो या आधी रात – आप खबर के लिए निकल पड़ते हैं। शहर की भीड़भाड़ वाली गलियों से लेकर नेटवर्क विहीन सुदूर गांवों तक पहुंचकर, आम आदमी की पीड़ा, सिस्टम की खामी और जमीनी सच्चाई को निर्भीकता से सामने लाने का जोखिम भरा काम आप करते हैं।

कस्बाई एवं ग्रामीण पत्रकारों की पीड़ा को साझा करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा,आज मैं मंच से विशेष रूप से अपने उन कस्बाई और ग्रामीण पत्रकार साथियों के संघर्ष को नमन करना चाहता हूं, जिनकी कलम में सबसे ज्यादा धार है। रायपुर -बिलासपुर के बड़े मीडिया हाउस की सुविधाएं, गाड़ियों का काफिला, AC वाले दफ्तर – ये सब आपके पास नहीं हैं। आपके पास है तो बस एक जुनून। बड़े शहरों की ब्रेकिंग न्यूज से ज्यादा ताकत आपके गांव की उस छोटी सी खबर में है, जो किसी का जीवन बदल देती है। आपका यह त्याग, यह साहस और यह कर्तव्यनिष्ठा ही भारतीय लोकतंत्र की असली रीढ़ है। आप न होते तो शायद लोकतंत्र सिर्फ किताबों तक सीमित रह जाता।

बदलते मीडिया परिवेश पर चिंता जताते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा, आज मीडिया का स्वरूप बहुत तेजी से बदल रहा है। अखबार के साथ-साथ मोबाइल हर हाथ में न्यूज चैनल बन गया है। वेब पोर्टल, यूट्यूब, फेसबुक लाइव – खबर अब पलक झपकते ही लाखों लोगों तक पहुंच रही है। हमारे युवा पत्रकार साथी बहुत मेहनत से, नई तकनीक सीखकर इस क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रहे हैं। यह बदलाव का दौर है और इसका स्वागत होना चाहिए।

लेकिन इस ‘सबसे तेज’ की दौड़ में हमें ‘सबसे सच्चा’ बनना नहीं भूलना है। एक गलत खबर, एक बिना पुष्टि की सूचना समाज में आग लगा सकती है। इसलिए मेरा सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और खासकर डिजिटल मीडिया के साथियों से निवेदन है कि खबर की गति जितनी जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी है खबर की सत्यता। तथ्यों की जांच, दोनों पक्षों की बात, और संतुलित रिपोर्टिंग – यही एक अच्छे पत्रकार की पहचान है।

पत्रकार और समाज के रिश्ते पर बोलते हुए उन्होंने कहा,आज इस गरिमामय मंच पर आप सभी कलम के सिपाहियों से खुलकर संवाद कर आत्मिक खुशी हुई।

श्रमजीवी पत्रकार संघ के योगदान को रेखांकित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा,श्रमजीवी पत्रकार संघ ने हमेशा जमीनी पत्रकारों की ताकत बनकर काम किया है। ब्लॉक और तहसील स्तर पर काम करने वाले पत्रकार साथी, जिनकी खबरों को अक्सर बड़ा प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता, उनके लिए संघ ने एक मजबूत मंच दिया है। इतने अनुशासित, गरिमामय और सफल आयोजन के लिए मैं संघ के जिलाध्यक्ष एवं उनकी पूरी समर्पित टीम को हृदय से बधाई देता हूं। आप इसी तरह एकजुट रहें, यही मेरी शुभकामना है।

कार्यक्रम के अंत में शिवरतन शर्मा ने वरिष्ठ पत्रकारों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया साथ ही सभी पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र भेंट किए। सम्मेलन में संघ के जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ संपादकगण, छायाकार, बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *