तमिलनाडु के डीएमके पार्टी के नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान के बाद देशभर में विरोध का माहौल लगातार गहराता जा रहा है। विभिन्न सनातन धर्म से जुड़े संगठनों और लोगों में इस बयान को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी विरोध स्वरूप कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
रुद्र सेना संगठन के पदाधिकारियों ने एसीपी ईशु अग्रवाल को आवेदन सौंपते हुए उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि उदयनिधि स्टालिन द्वारा दिया गया बयान करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका है। इसी के साथ रूद्र सेना ने यह घोषणा भी की है कि जो भी वकील उदयनिधि स्टालिन को जेल करता है उसे 11 लख रुपए दिया जाएगा।
संगठन की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि किसी भी धर्म विशेष के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द और संविधान की मूल भावना के विपरीत है। आवेदन में मांग की गई है कि धार्मिक भावनाएं भड़काने, सामाजिक शांति भंग करने और समाज में द्वेष फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म भारत की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक है तथा इसके खिलाफ अपमानजनक बयान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।