रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। मैच के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने दर्शकों से तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने और लोगों को परेशानी न हो।
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा से नेशनल हाईवे-53 होकर सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के रास्ते नया रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद स्टेडियम तिराहा और साईं अस्पताल रोड से होते हुए परसदा-कोसा पार्किंग में वाहन खड़े किए जाएंगे। पार्किंग फुल होने पर सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का इस्तेमाल होगा।
बिलासपुर की ओर से आने वाले लोग धनेली नाला, रिंग रोड-03 और विधानसभा चौक होते हुए मंदिर हसौद पहुंचेंगे। वहां से नवागांव और स्टेडियम टर्निंग के जरिए पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
बलौदाबाजार और खरोरा मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए भी रिंग रोड-03 और एनएच-53 से होकर स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
जगदलपुर और धमतरी की ओर से आने वाले लोग अभनपुर, मंत्रालय चौक और सेंध तालाब मार्ग से सीधे पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।
वहीं दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शक टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और तेलीबांधा मार्ग से नया रायपुर पहुंचेंगे। महासमुंद और सरायपाली से आने वाले दर्शक आरंग होते हुए सीधे स्टेडियम टर्निंग तक पहुंच सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि स्टेडियम परिसर में प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को अंदर जाने दिया जाएगा।