शासकीय कार्य में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई : कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम पंचायत परसापाली के सचिव निलंबित

सारंगढ़..पदमिनी भोई साहू ने शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल निलंबन के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत परसापाली में आयोजित धरती आबा शिविर के दौरान मिली शिकायतों के आधार पर की गई।


शिविर में सरपंच और पंचों ने की शिकायत


जानकारी के अनुसार कलेक्टर पदमिनी भोई साहू धरती आबा शिविर में शामिल होने ग्राम पंचायत परसापाली पहुंची थीं। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचों ने पंचायत सचिव सुदर्शन हिरवानी के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं।


शिकायत में बताया गया कि सचिव नियमित रूप से पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं। आम नागरिकों के आवेदन लेने के लिए भी पंचायत कार्यालय नहीं पहुंचते तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी लापरवाही बरती जा रही थी। ग्रामीणों ने शासकीय कार्य प्रभावित होने की बात भी कही।


कलेक्टर ने तत्काल दिए निलंबन के निर्देश


मामले को गंभीरता से लेते हुए पदमिनी भोई साहू ने मौके पर ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को सचिव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद इन्द्रजीत बर्मन ने ग्राम पंचायत सचिव सुदर्शन हिरवानी को शासकीय कार्य में लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जनपद पंचायत बिलाईगढ़ बनाया गया मुख्यालय
निलंबन आदेश के तहत सुदर्शन हिरवानी का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत बिलाईगढ़ निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती से ग्रामीणों में संतोष
कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर नियमित कार्य संचालन और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *