लखनपुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

अनूप वर्मा, लखनपुरी/चारामा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुरी परिसर के पास शनिवार दोपहर अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के बीच हाई वोल्टेज बिजली तारों के आपस में टकराने से हुए शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। हालांकि समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल के बाजू से गुजर रहे बिजली तार तेज हवा के कारण आपस में टकरा गए। इसके बाद चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने आसपास लगे पेड़ों और बांस की झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुरी परिसर में मौजूद मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। धुएं और आग की ऊंची लपटों के कारण लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही चारामा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने पानी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया।

दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान और जनहानि टल गई।

आगजनी के बाद इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। आग में बिजली के कई तार जल गए हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले आसपास मौजूद पेड़ों और बांस की झाड़ियों की कटाई की जाएगी। इसके बाद नए तार लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।

विभाग का कहना है कि सुधार कार्य में समय लग सकता है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *