राजेश गुप्ता, कोरिया। जिला के सोनहत थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश देकर लगभग 5 टन अवैध कोयला और उसे ढो रहे एक टाटा टीपर वाहन को जब्त किया गया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनहत श्री राजेश साहू के दिशा-निर्देश तथा थाना प्रभारी सोनहत के मार्गदर्शन पर जिले में अवैध कारोबार करने वालों पर अंकुश लगाने की यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, घटना 21 मई को देर रात की है। सोनहत थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम कटगोड़ी से दामुज तर्रा जाने वाले रास्ते पर एक लाल-पीले रंग की टाटा टीपर में अवैध कोयला भरकर दामुज की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना की तस्दीक और पुष्टि के बाद, सहायक उप-निरीक्षक 56 सुरेंद्र कुमार गुप्ता, आरक्षक 530 निखलेश राजवाड़े और आरक्षक 350 प्रदीप साहू सहित एक पुलिस टीम ने उसनापारा कटगोड़ी में घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए टाटा टीपर वाहन क्रमांक CG 16 CL 7672 को रोककर चेक किया गया।
वाहन चालक अरूण कुमार साहू (पिता संतकुमार साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कटगोड़ी, थाना सोनहत, जिला कोरिया) से कोयला लोड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जिस पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद, लगभग 5 टन अवैध कोयला और टाटा टीपर वाहन को गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अरूण कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ धारा 35 (1)ड बीएनएसएस और 303 (2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।