रायपुर। वेदांता पावर प्लांट में हुए बड़े हादसे के बाद पुलिस ने चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक बेहद गंभीर दुर्घटना है और कानून अपना काम कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा एफआईआर सार्वजनिक न करने के आरोपों पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि एफआईआर की प्रक्रिया ऑनलाइन है और पूर्व मुख्यमंत्री लिंक के माध्यम से इसे देख सकते हैं।
बस्तर में नक्सलवाद का अंत और विकास का नया युग
नक्सलवाद के मुद्दे पर विजय शर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पूरा बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब भय की जगह उत्सव का माहौल है और लोग खुलकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। सरकार अब वाइब्रेंट बस्तर विलेज योजना के माध्यम से गांव-गांव तक विकास के कार्य पहुंचाएगी।
महिला आरक्षण और बंगाल चुनाव पर प्रहार
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का जो विरोध कर रहे हैं, उन्हें देश की मातृशक्ति को जवाब देना होगा। वहीं पश्चिम बंगाल के अपने चुनावी दौरे पर उन्होंने दावा किया कि वहां की जनता टीएमसी के अत्याचारों का जवाब बीजेपी के पक्ष में मतदान कर देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में आगामी समय में बीजेपी की सरकार बनेगी।