बालोद: गंजडीह के जंगलों में मिला अज्ञात व्यक्ति का कंकालनुमा शव, इलाके में सनसनी

बालोद। संजारी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंजडीह गांव के जंगलों में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी तब हुई जब स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल के भीतर से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संजारी पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत काफी दिन पहले हुई है। पुलिस ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण और समय पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *