बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने बिलासपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दिल्ली में संसद घेराव के दौरान छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को पुराना बस स्टैंड चौक पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती तथा छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।