दिलीप गुप्ता, सरायपाली। महासमुंद जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और जिला आबकारी अधिकारी अजय पांडे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त किया है।

आबकारी उप निरीक्षक मिर्जा जफर बेग की टीम ने सरायपाली विकासखंड के ग्राम बालसी में रात्रिकालीन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुखचंद रात्रे के घर से करीब 40 लीटर महुआ शराब और 34 प्लास्टिक बोरियों में लगभग 1700 किलो तैयार महुआ लहान बरामद किया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसके अलावा ग्राम लाती में नेपाल भाई नामक आरोपी के खिलाफ भी धारा 34(1)(च) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 15 मई 2026 को आयोजित सुशासन शिविर में मिली शिकायतों के आधार पर अंबेडकर वार्ड में करण सिंह, राम प्रसाद और ललिता रात्रे के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान गठित संयुक्त टीम में आबकारी उप निरीक्षक हृदय कुमार तिरपुणे, अनिल कुमार झरिया तथा आरक्षक देवेश मांझी, ऋषिकेश बाघ, सुरेंद्र गोलू, छबिनाथ, नील और कमल की अहम भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।