पेंड्रा में सराफा व्यापारी की हत्या पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की दिनदहाड़े हत्या और लूट की वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव है। इस सनसनीखेज मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय पेंड्रा पहुंचे। दोनों नेताओं ने मृतक व्यापारी के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और साफ कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है।

अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा छत्तीसगढ़: दीपक बैज

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है। अब हमारा शांत प्रदेश अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है। वर्तमान सरकार आम जनता और व्यापारियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है।

दीपक बैज ने आगे कहा कि आज अपराधी बेखौफ हैं। सरेबाजार गोली मारकर हत्या की जा रही है और पुलिस का कोई खौफ नहीं दिख रहा। प्रदेश में लगातार संगीन अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इसे रोकने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।

गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग, आईजी से की चर्चा

वहीं, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने इस घटना को लेकर बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग से फोन पर सीधी चर्चा की। उन्होंने आईजी से क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर नाराजगी जताई और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।

मीडिया से बात करते हुए शैलेश पांडेय ने कहा कि बीरनपुर और बलौदाबाजार जैसी घटनाओं के बाद भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। आज राज्य में महिला, बेटियां और कारोबारी कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने गृहमंत्री विजय शर्मा के कामकाज पर उंगली उठाते हुए कहा कि वे अपना विभाग संभालने में असफल रहे हैं। कांग्रेस ने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों से इस्तीफे की मांग की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *