रायपुर। राजधानी के व्यस्ततम इलाके बुढ़ापारा चौक पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा से अचानक धुएं का भारी गुबार उठने लगा। देखते ही देखते बैंक परिसर के भीतर आग फैल गई। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
छुट्टी के दिन हुआ हादसा, सूनी थी बैंक
चूंकि हादसा रविवार को हुआ, इसलिए बैंक बंद था और भीतर कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था। दोपहर के वक्त बैंक के भीतर से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। घनी आबादी और रिहाइशी इलाका होने के कारण शुरुआती कुछ मिनटों में आसपास के लोगों में डर और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।
दो फायर टेंडर्स ने घेरा, फैलने से रोकी आग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी का ही नतीजा था कि लपटों को बैंक परिसर के भीतर ही रोक लिया गया, जिससे बगल की दुकानें और मकान इसकी चपेट में आने से बच गए।
नुकसान का सर्वे शुरू, रिकॉर्ड्स की जांच जारी
आग पूरी तरह बुझने के बाद बैंक के आला अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंच गया। बैंक प्रबंधन अब इस बात का आकलन करने में जुटा है कि इस अग्निकांड से अंदर रखे जरूरी दस्तावेजों, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कितना नुकसान पहुंचा है। लॉकर और कैश काउंटर की सुरक्षा को लेकर भी जांच की जा रही है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। एसीपी दीपक मिश्रा और थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।