तहसील कार्यालय में जमीन विवाद पर बवाल, सुनवाई के दौरान भिड़े पक्षकार; 18 लोगों पर FIR दर्ज

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग तहसील परिसर में ही आपस में भिड़ गए। मारपीट और गाली-गलौज की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामले में तहसीलदार ने सख्त रुख अपनाते हुए 18 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे की अदालत में जमीन से जुड़े एक प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। यह मामला आवेदक इलियासुदीन पिता जलालूदीन और अनावेदक पक्ष रसीद, अफजल एवं इलियास के बीच चल रहा था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि अनावेदक पक्ष के कुछ लोग और उनके साथ आए गवाह अचानक दूसरे पक्ष के अधिवक्ता सिद्वदकी से बहस करने लगे। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। तहसील कार्यालय के भीतर माहौल बिगड़ने पर पुलिस और कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को बाहर निकाला।

लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। तहसील और सिविल कोर्ट परिसर के बाहर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ देर तक तहसील परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति रही।

घटना के बाद वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने पूरे मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहसील परिसर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि शासकीय कार्यालय में इस तरह का विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *