रोम में PM मोदी का भव्य स्वागत, जॉर्जिया मेलोनी ने कराया कोलोसियम का दौरा; भारत-इटली रिश्तों पर होगी बड़ी चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंच गए हैं। रोम पहुंचने पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।

रोम में पीएम मोदी और मेलोनी के बीच खास मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया और ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा भी किया। मेलोनी ने खुद पीएम मोदी को रोम की मशहूर ऐतिहासिक धरोहर कोलोसियम घुमाया। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ रात्रिभोज पर चर्चा हुई और इसके बाद कोलोसियम का दौरा किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली की दोस्ती को और मजबूत करने को लेकर होने वाली बातचीत का उन्हें इंतजार है।

वहीं इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend!” दोनों नेताओं की यह दोस्ताना केमिस्ट्री पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर चुकी है।

साल 2023 में दुबई में हुए COP28 सम्मेलन के दौरान मेलोनी की “Good friends at COP28” सेल्फी काफी वायरल हुई थी। इसके बाद 2024 में G7 सम्मेलन के दौरान “Melodi Team” वीडियो ने भी इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोरी थी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, साल 2023 के बाद से पीएम मोदी और मेलोनी के बीच यह आठवीं मुलाकात है। दोनों देशों के रिश्तों में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। इस दौरे के दौरान रक्षा सहयोग, व्यापार, आतंकवाद की फंडिंग रोकने और नई रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर अहम चर्चा होगी।

बताया जा रहा है कि भारत और इटली “संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29” के तहत कई बड़े फैसलों पर आगे बढ़ सकते हैं। इस मुलाकात को भारत-यूरोप संबंधों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *