रायपुर। राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर उसकी आबरू से खिलवाड़ किया गया। इतना ही नहीं, सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर उससे लाखों रुपए भी ठग लिए गए। ठगी और धोखे का शिकार होने के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और धोखाधड़ी समेत एट्रोसिटी एक्ट (ST/SC एक्ट) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। यह पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।

मंत्रालय में नौकरी का झांसा देकर फंसाया
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुछ समय पहले प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और एग्जाम देने के सिलसिले में रायपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। आरोपी ने खुद को बहुत रसूखदार और प्रभावशाली व्यक्ति बताया। उसने युवती को झांसा दिया कि उसकी मंत्रालय में बड़ी पहचान है और वह उसकी सरकारी नौकरी लगवा देगा।
धीरे-धीरे आरोपी ने युवती को अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि उसने शादी करने का वादा किया और युवती की मर्जी के खिलाफ उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी बीच नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसने किस्तों में करीब 6 लाख रुपए भी ऐंठ लिए।
पोल खुलने पर पीड़िता पहुंची थाने
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब युवती की न तो नौकरी लगी और न ही आरोपी ने शादी की बात आगे बढ़ाई, तब उसे शक हुआ। पीड़िता ने जब अपने पैसे वापस मांगे और शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। तब जाकर पीड़िता को समझ आया कि उसके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है।
परेशान होकर पीड़िता पुरानी बस्ती थाना पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।