रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने लोगों को दहला दिया है। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र स्थित पारस नगर में घर के सामने नशा करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि पिता-पुत्र ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पारस नगर निवासी अरुण साहू ने अपने घर के सामने नशा कर रहे युवक साहिल खान को ऐसा करने से रोका था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटा अनुज साहू घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक अरुण साहू और उनके बेटे अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही गंज थाना पुलिस, एसीपी कोतवाली और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह का विवाद दोबारा न हो।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशाखोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे रहवासी परेशान हैं। लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे पारस नगर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।